
राँची: मांडर स्थित एनएच-39 मार्ग के टोल प्लाज़ा मैनेजर आर,एस.यादव के दुर्व्यवहार से आक्रोशित होकर मंगलवार को पत्रकार रहमतुल्लाह अंसारी ने उपायुक्त रांची, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और थाना प्रभारी मांडर को लिखित शिकायत पत्र सौंपा।
श्री अंसारी का आरोप है कि टोल प्लाज़ा मैनेजर द्वारा वाहन चालकों और स्थानीय लोगों के साथ अपमानजनक व्यवहार किया जाता है। उन्होंने कहा कि मैनेजर का रवैया मनमाना और असंवेदनशील है, जिसकी वजह से आए दिन विवाद की स्थिति उत्पन्न होती रहती है।
पत्रकार ने बताया कि सोमवार को वे चान्हो से मांडर आ रहे थे। इस दौरान टोल मैनेजर स्वयं बैरिकेटिंग पर खड़े होकर राहगीरों से मनमाने तरीके से आईडी जांचने लगे और कई लोगों से उलझते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग भी किया। उन्होंने मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित विभाग मैनेजर पर कठोर कार्रवाई करते हुए उसे पद से हटाए।

सड़क की जर्जर स्थिति पर भी उठी आवाज
शिकायतकर्ता ने टोल वसूली के मुद्दे पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि रांची से कुडू तक टोल टैक्स लिया जाता है, लेकिन पंडरी, सोंस, तथा मुरगु के समीप सड़क अधूरी और जर्जर पड़ी है। इस कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती हैं और अब तक दर्जनों लोगों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद सरकार और संबंधित विभाग ध्यान नहीं दे रहे हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर टोल वसूली की जा रही है तो सड़क की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।




